: vskjharkhand@gmail.com 9431162589 📠
जनजातीय क्षेत्र में आधुनिक तीर्थस्थल के रूप में सामने आ रहा है विकास भारती : भैय्याजी जोशी
रांची, 31 अगस्त  2019 : गुमला , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह सुरेश जोशी उर्फ भैय्याजी जोशी ने कहा कि हमें फिर से देशज तकनीक की ओर लौटना होगा। जिस तकनीक से अन्न उत्पादन को बढ़ाने का काम किया गया आज उसका साइड इफेक्ट ज्यादा है।
VSKJHK 31 08 19लोग फिर से जैविक खेती की ओर लौैट रहे हैं। इसलिए चाहे साबुन व तेल का उत्पादन हो या बिस्कुट का इसे अपने गांव में कर सकते हैं। विकास भारती ने इस इलाके में इसे करके दिखाया है। इस जनजातीय क्षेत्र में विकास भारती बिशुनपुर आधुनिक तीर्थ स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। जिस तरह लोग महात्मा गांधी, जयप्रकाश नारायण, दीन दयाल उपाध्याय व नानाजी देशमुख को काम के लिए याद करते हैं उसी तरह लोग अशोक भगत को याद करेंगे। वे शुक्रवार को विकास भारती के प्रकल्पों को देखने के लिए गुमला बिशुनपुर पहुंचे थे। भ्रमण के बाद विकास भारती के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरुण जैन, प्रांत संघचालक सच्चिदानंद लाल अग्रवाल, प्रांत प्रचारक रविशंकर, प्रांत सह कार्यवाह राकेश लाल भी थे।   
भैय्याजी ने कहा कि सकारात्मक सोच और परिणात्मक कार्य से ही समाज में बदलाव आता है। विकास भारती के कामों को देखने के बाद यहां लोक नायक जयप्रकाश नारायण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं नानाजी देशमुख के जीवन दर्शन पर आधारित विकास और बदलाव को महसूस किया। परिणात्मक कार्यकलाप से समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास का लाभ मिलता है। लोगों को जब जागरूक और प्रेरित करने का काम किया जाता है तब बदलाव नजर आता है। 
विकास भारती के कामों को दूसरे जगहों पर मॉडल के रूप में अपनाने की जरूरत है : भैय्याजी ने कहा कि हमें राष्ट्र निर्माण के लिए समाज के अंतिम व्यक्ति के बीच जमीन पर काम करने की जरूरत है और यही जरूरत हमें इस क्षेत्र में भ्रमण के दौरान महसूस हुआ है। सकारात्मक परिवर्तन से लोगों के जीवन स्तर में इस संस्था ने बदलाव लाने की जो कोशिश की है उसे अन्य जगहों में मॉडल के रूप में अपनाने की जरूरत है। 
स्वस्थ्य समाज ही देश को कुछ दे सकता है : सरकार्यवाह ने कहा कि स्वस्थ्य रहने पर ही समाज एवं देश के लिए कुछ कर सकते हैं। इसलिए गांवों में ही स्वरोजगार के उपाए किए जाने चाहिए। गांवों में यदि बिस्कुट व तेल बनाएंगे तो सामान भी शुद्ध मिलेगा और लोगों को रोजगार भी मिलेगा। शुद्धता के कारण शहरों में भी लोग आज गांवों में बने सामान को खोजते हैं। 
भारत की संस्कृति विश्व को राह दिखा सकती है : भैय्याजी ने कहा कि भारत में जन्म लेना सौभाग्य की बात है। भारत विकासशील देश नहीं है। इसकी संस्कृति ऐसी है जो विश्व को राह दिखा सकती है। देश में परिवर्तन हो रहा है। इसके आप सभी निमित बन रहे हैं। इससे पहले जतरा टाना भगत की जन्मस्थली पर जाकर उन्हें नमन किया और कहा कि भगवान बिरसा मुंडा व जतरा टाना भगत से प्रेरणा लेने की जरूरत है। 
केवीके में किसानों से की मुलाकात : जिला कृषि विज्ञान केंद्र के फार्म हाउस में किसानों से मुलाकात की। उनसे बातचीत की। किसानों ने उसे बताया कि एक समय था जब खेती करने से साल भर का अनाज नहीं होता था। विकास भारती ने आम की बागवानी से उन लोगों के जीवन को बदलने का काम किया है। अब वे आम बेचकर आय कर रहे हैं। सब्जी भी उपजा कर बेच रहे हैं। खेत खलिहान में समय दे रहे हैं। जिससे सकारात्मक बदलाव भी आया है। विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत ने उन्हें विकास भारती के सभी प्रकल्पों में ले जाकर घुमाया। अनाथ बच्चों से मुलाकात करायी। बातचीत की। बच्चों से अपने संक्षिप्त बातचीत में चारित्रिक विकास पर बल दिया। एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने कृषि के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले 27 किसानों को सम्मानित भी किया। जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान कृषि वैज्ञानिक डा.संजय कुमार पांडेय ने उन्हें कृषि फार्म हाउस में अपनाए जा रहे तकनीक के बारे में जानकारी दी। 
यहां-यहां गए भैय्याजी जोशी : भैय्याजी जोशी विकास भारती के बलातू फार्म हाउस गए। उसके बाद चेंगरी में जतरा टाना भगत के स्मारक पर माल्यार्पण किया। कृषि वैज्ञानिकों से बातचीत की। सृजन परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा का अनावरण किया। ज्ञान निकेतन में संथाल वीरांगना फुलो झानो की प्रतिमा का अनावरण किया। ज्ञान निकेतन में बालिका छात्रावास और स्वच्छ भारत के तहत सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन भी किया।

Kindly visit for latest news 
: vskjharkhand@gmail.com 9431162589 📠 0651-2480502