- Details
- Written by S.K. Azad , Edited by Bharat Bhushan
- Category: Jharkhand News
एनीमिया मुक्त भारत पर भारत विकास परिषद का एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित
रांची, 11 फरवरी : भारत विकास परिषद के महिला एवं बाल विकास प्रकल्प के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में एनीमिया मुक्त भारत पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन रांची मध्य एवं महानगर शाखा के द्वारा महावीर नगर, डूमरडग्गा, रांची में आयोजित किया गया।
परिषद के दक्षिण झारखंड प्रांत के प्रांतीय सचिव जी.के. शर्मा ने कहा कि एनीमिया आयरन की कमी से होने वाली एक गंभीर स्थिति है। आयरन एक आवश्यक मिनरल है जो स्वस्थ रेड ब्लड सेल्स का निर्माण करता है। आयरन की कमी से होने वाला एनीमिया तब होता है जब शरीर में पर्याप्त आयरन नहीं होता, जिससे रेड ब्लड सेल्स की कमी हो जाती है।
रांची महानगर के सचिव डॉ भारत भूषण ने कहा कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने पोषण अभियान के तहत एनीमिया मुक्त भारत रणनीति शुरू की है। इसके तहत महिलाओं, बच्चों और किशोरों में एनीमिया के प्रसार को कम करने के लिए, एनीमिया मुक्त भारत रणनीति में 6x6x6 दृष्टिकोण की परिकल्पना की गई है, जिसका अर्थ है छ: आयु वर्ग, छ: कार्यकलाप और छ: संस्थागत तंत्र।
मौके पर उपस्थित रांची महानगर के अध्यक्ष प्रोफेसर भोलानाथ सहाय ने भारत विकास परिषद के कार्यकलापों का विवरण लोगों के समक्ष रखा एवं लोगों से आग्रह किया कि सरकार के द्वारा उपलब्ध कराए गए सुविधाओं का लाभ उठाएं एवं एनीमिया मुक्त भारत बनाने में अपना योगदान निभाएं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विनोद भंडारी, उपेंद्र चौधरी, रामप्रवेश प्रसाद, दशरथ जी, सावित्री कुमारी, अंजली कुमारी एवं किशोरी शाह उपस्थित रहे।